बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और सामाजिक न्याय के प्रतीक जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर समस्तीपुर स्थित उनके जन्मस्थान कर्पूरीग्राम से 'संविधान बचाओ - लोकतंत्र बचाओ' जन अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर भाकपा (माले) द्वारा एक जनसभा और यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई, इसके बाद एक संकल्प सभा का आयोजन हुआ, जिसमें उनके विचारों और संघर्षों को याद करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय और समानता का पुरोधा बताया गया। सभा में मौजूद वक्ताओं ने कर्पूरी|
ठाकुर की नीतियों और समाज के वंचित तबकों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा कि भाकपा (माले) उन्हीं रास्तों पर चलते हुए भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।
इसके बाद कर्पूरी ठाकुर के पैतृक निवास का दौरा किया गया, जहाँ उनके परिजनों से मुलाकात की गई और गाँव के स्कूल व कॉलेज का भी भ्रमण किया गया। यह अभियान देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जो सामाजिक समानता, न्याय और अधिकारों की बहाली के लिए समर्पित है।