पालीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक संदीप सौरव ने आज क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर हाल ही में अलग-अलग घटनाओं और दुर्घटनाओं में मृत हुए लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अपने दौरे के दौरान विधायक संदीप सौरव सबसे पहले दुल्हिनबाजार प्रखंड के उलार सोरमपुर पंचायत के बड़की खड़वा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने निरंजन कुमार वर्मा के 24 वर्षीय पुत्र प्रियांशु रंजन के परिजनों से मुलाकात की। जानकारी के अनुसार प्रियांशु रंजन की हरियाणा के गुड़गांव में करंट लगने से दुखद मृत्यु हो गई थी। विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद है।
इसके बाद वे दुल्हिनबाजार प्रखंड के लाला भदसारा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने राम भवन मोची के 26 वर्षीय पुत्र बीरबल मोची के असामयिक निधन पर उनके परिवार से मिलकर शोक व्यक्त किया। बताया गया कि बीरबल मोची का बैंगलोर में निधन हो गया था, जिससे परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
विधायक संदीप सौरव ने सीही पंचायत के नवादा गांव का भी दौरा किया, जहां उन्होंने सरपंच पति विनय यादव (45 वर्ष) के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। विनय यादव का बीमारी के कारण निधन हो गया था, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।
इसके अलावा उन्होंने पालीगंज प्रखंड के मुडिका पंचायत के बेलदारीचक गांव जाकर राम भरोसा यादव के परिवार से मुलाकात की। राम भरोसा यादव के पुत्र का ब्लड कैंसर से लंबे समय तक जूझने के बाद दुखद निधन हो गया था।
इस अवसर पर संदीप सौरव ने सभी शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी संवाद किया और आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। विधायक के इस दौरे से स्थानीय लोगों ने भी संवेदना और एकजुटता का संदेश महसूस किया।




