डॉ. संदीप सौरभ- पालीगंज के जम्हारू गाँव में पुल निर्माण की माँग को लेकर स्थल निरीक्षण, सदन में उठाने का आश्वासन
- By
- Dr Sandeep Saurav
- April-13-2026
पिछले दिनों आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में पालीगंज प्रखंड के जम्हारू इमामगंज पंचायत अंतर्गत जम्हारू गाँव के ग्रामीणों ने लुआई नदी पर पुल निर्माण की माँग प्रमुखता से उठाई थी। ग्रामीणों ने बताया कि पुल नहीं होने के कारण आवागमन में गंभीर परेशानियाँ होती हैं, विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी कठिन हो जाती है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को रोज़मर्रा के कार्यों के लिए लंबा और जोखिम भरा रास्ता तय करना पड़ता है।



जनसंवाद के दौरान डॉ. संदीप सौरभ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि स्थल का मुआयना करने के बाद इस माँग को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने कल जम्हारू गाँव का दौरा किया और लुआई नदी के उस स्थल का निरीक्षण किया, जहाँ पुल निर्माण की आवश्यकता बताई गई है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्होंने आवागमन से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से समझा।
डॉ. संदीप सौरभ ने कहा कि यह ग्रामीणों की जायज़ माँग है और इससे क्षेत्र के कई गाँवों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे को सदन में तथा संबंधित विभाग और सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा, ताकि पुल निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके।


